
चित्रकूट में दो दिवसीय विभाग संयोजक प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ
पारदर्शी विकास न्यूज़ चित्रकूट। दीनदयाल औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र, चित्रकूट में सहकार भारती के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय विभाग संयोजक प्रशिक्षण सत्र का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन कामदगिरि मंदिर ट्रस्ट के महंत, सहकार भारती के राष्ट्रीय मंत्री गजेंद्र गौतम, राष्ट्रीय संगठन प्रमुख संजय पचपोर, प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह तथा प्रदेश महामंत्री अरविंद दुबे ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण सत्र में उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के विभिन्न मंडलों से आए विभाग प्रमुखों, संयोजकों और पदाधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना, केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित सहकारी योजनाओं की जानकारी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना तथा सहकारिता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक ले जाने की रणनीति तैयार करना रहा। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भरता का भी सशक्त आधार है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों, लघु उद्यमियों, महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब सहकारिता से जुड़े कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाएं। राष्ट्रीय मंत्री गजेंद्र गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति का अभिन्न अंग रही है। वर्तमान समय में सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की विचारधारा और सहकारिता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। राष्ट्रीय संगठन प्रमुख संजय पचपोर ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही सहकारिता आंदोलन को नई दिशा दे सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह एवं प्रदेश महामंत्री अरविंद दुबे ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश मंत्री कैलाश नाथ निषाद, प्रदेश सह मीडिया प्रमुख सुशील कुमार, प्रयागराज जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री, चित्रकूट जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार त्रिपाठी, कुलदीप सिंह, रामसागर चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान विभाग संयोजक सारंगधर मिश्रा एवं राजेश मिश्रा को भूमि संरक्षण बैंक का निदेशक नियुक्त किए जाने पर उपस्थित पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं व्यक्त कीं। प्रशिक्षण सत्र में सहकारिता के विभिन्न आयामों, संगठन विस्तार और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
सहकारिता भारत की प्राचीन परंपरा और सामाजिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। आज जरूरत है कि सहकारिता के माध्यम से गांव, किसान, युवा और छोटे उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए। सहकार भारती का उद्देश्य सहकारिता को जन-जन तक पहुंचाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देना है।-गजेंद्र गौतम, राष्ट्रीय मंत्री

संगठन की मजबूती प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। ऐसे प्रशिक्षण सत्र कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करते हैं। सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज के बीच जाकर लोगों को सहकारी योजनाओं और उनके लाभों के प्रति जागरूक करना होगा।-संजय पाचपोर,राष्ट्रीय संगठन प्रमुख

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सहकारिता के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहकार भारती महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। संगठन का लक्ष्य सहकारिता को रोजगार, स्वरोजगार और ग्रामीण विकास का मजबूत माध्यम बनाना है।-अरुण कुमार सिंह, प्रदेश अध्यक्ष

सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधि नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और सामूहिक विकास का आंदोलन है। प्रशिक्षण सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को नई नीतियों, योजनाओं और संगठनात्मक कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है, जिससे वे समाज में प्रभावी भूमिका निभा सकें और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें।-अरविंद दुबे, प्रदेश महामंत्री