news-details

तीन माह से राशन न मिलने पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। जनपद के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के विशुनपुरा ब्लॉक अंतर्गत नरचोचवा गांव में राशन वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले तीन माह से उनसे ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सरकारी राशन उपलब्ध नहीं कराया गया। उनका कहना है कि हर बार राशन मांगने पर कोटेदार किसी न किसी बहाने से उन्हें वापस लौटा देता था। रविवार को भी जब दर्जनों कार्डधारक राशन लेने पहुंचे तो कथित तौर पर कोटेदार ने राशन देने से इनकार कर दिया, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए।प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि पात्र परिवारों को लगातार उनके अधिकार से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित कोटेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा सभी पात्र लाभार्थियों को उनका लंबित राशन तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।