
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। दक्षिण के नगर निगम जोन पांच के जोनल कार्यालय में मंगलवार को पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्र में लाइटों की व्यवस्था न होने और अधिकारियों द्वारा मांग न सुने जाने के विरोध में पार्षदों ने जोनल ऑफिस के मार्ग प्रकाश विभाग में जमकर प्रदर्शन किया।वार्ड 51 बर्रा से बीजेपी पार्षद सुधीर यादव जेई आशुतोष की मेज पर जाकर बैठ गए। उन्होंने माइक से “मार्ग प्रकाश मुर्दाबाद” और “नगर आयुक्त होश में आओ” के नारे लगाए। जोन के सात से आठ पार्षद काफी देर तक धरने पर बैठे रहे। बाद में जोनल अधिकारी के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया।सुधीर यादव ने कहा कि वह सत्ता पक्ष के पार्षद हैं, लेकिन अधिकारी उनका फोन तक नहीं उठाते। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र की जनता अंधेरे में रहने को मजबूर है। आने वाले चुनाव में वह जनता के बीच किस मुंह से वोट मांगने जाएंगे। उन्होंने बताया कि जोनल अधिकारी ने 24 घंटे में समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन उन्होंने 48 घंटे का समय दिया है।पार्षद ने बताया कि उनके वार्ड में 200 से ज्यादा लाइटें बंद पड़ी हैं। सचान गेस्ट हाउस से शास्त्री चौक तक मुख्य मार्ग पर केवल 10 लाइटें ही जल रही हैं। पूरा वार्ड अंधेरे में डूबा हुआ है। उन्होंने जेई को 10 से 15 बार फोन किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।सुधीर यादव ने आरोप लगाया कि पिछले डेढ़ साल में मार्ग प्रकाश विभाग से एक स्विच तक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि आज जोन पांच के जोनल कार्यालय में प्रदर्शन किया गया है, अगला प्रदर्शन नगर निगम मुख्यालय में होगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारी बिना कार्यालय आए ही हाजिरी लगा रहे हैं।जोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी ने बताया कि पार्षदों ने मार्ग प्रकाश व्यवस्था को लेकर धरना दिया था। उनसे बातचीत की गई है और उनकी समस्या का जल्द निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने माना कि कहीं न कहीं विभाग की कमी रही है, जिसे जल्द दूर किया जाएगा।