
जगनायक/पीयूष
पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। श्याम नगर स्थित दीपिका चाइल्ड डेवलपमेंट सेंटर में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सेंटर को दीपों, रंगोली और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों और स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन में बच्चों की मुस्कान और उनकी प्रतिभा आकर्षण का केंद्र रही।कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य और गीतों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दीपावली से जुड़ी रचनात्मक गतिविधियों में बच्चों ने कागज पर दीपक की आकृतियां बनाकर उन्हें रंगों और सजावटी सामग्री से सुंदर रूप दिया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को मोटर स्किल्स ट्रेनिंग भी दी गई, जिससे उनकी रचनात्मकता और हाथों के कौशल को विकसित करने का अवसर मिला। इसके साथ ही भगवान श्रीराम और माता सीता के स्वरूप में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। अभिभावकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों और गतिविधियों की सराहना की।कार्यक्रम का आयोजन दीपिका चाइल्ड डेवलपमेंट सेंटर्स, कानपुर नगर के संस्थापक एवं कुसुम जनकल्याण समिति के फाउंडर डॉ. नरेंद्र कुमार पांडे के संरक्षण और मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर डॉ. पांडे ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। त्योहारों के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का अवसर मिलता है। हमारा उद्देश्य हर बच्चे के जीवन में ज्ञान, आत्मविश्वास और खुशियों का दीप जलाना है।उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में अपनी अलग प्रतिभा और क्षमता होती है। उचित मार्गदर्शन, सकारात्मक वातावरण और नियमित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आपसी सहभागिता और सामाजिक जुड़ाव की भावना भी विकसित होती है।कार्यक्रम में सेंटर हेड डॉ. रविश सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट , असिस्टेंट फिजियोथेरेपिस्ट दिव्यांशी, फिजियोथेरेपिस्ट मीनाक्षी और ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट प्रतिभा की भी सहभागिता रही। सभी ने बच्चों को गतिविधियों में प्रोत्साहित किया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।कार्यक्रम के समापन पर संस्थापक डॉ. नरेंद्र कुमार पांडे और सेंटर हेड डॉ. रविश ने बच्चों को उपहार वितरित किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। अंत में बच्चों, अभिभावकों और स्टाफ सदस्यों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में उत्सव, अपनापन और बच्चों की खुशियों का माहौल बना रहा।
दीपावली केवल अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व नहीं, बल्कि खुशियां, ज्ञान और संस्कार बांटने का अवसर भी है। हमारा प्रयास है कि हर बच्चे के जीवन में खुशियों और आत्मविश्वास का दीप जले। ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। त्योहारों के माध्यम से बच्चे भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ते हैं तथा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर पाते हैं। दीपिका चाइल्ड डेवलपमेंट सेंटर में बच्चों की मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी खुशी है। सभी बच्चों, अभिभावकों और स्टाफ सदस्यों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। — डॉ. नरेंद्र कुमार पांडे, संस्थापक
