news-details

हाटा में निर्माणाधीन क्रासिंग पुल का छज्जा गिरा, एक मजदूर घायल

You can share this post!

 

 

हाटा, कुशीनगर। हाटा कोतवाली के सामने हाईवे पर एनएचएआई की ओर से निर्माणाधीन क्रासिंग पुल के पाया की छज्जा ढलाई के दौरान अचानक एक हिस्सा गिर गया। हादसे में काम कर रहा एक मजदूर घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बृहस्पतिवार दोपहर निर्माणाधीन क्रासिंग पुल पर छज्जे की ढलाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक छज्जे का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से एक मजदूर घायल हो गया। हादसा होते ही मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।आनन-फानन में घायल मजदूर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हाटा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। हालत में सुधार होने के बाद उसे घर भेज दिया गया।घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार जया सिंह और नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर पुल जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन होना चाहिए। फिलहाल छज्जा गिरने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। संबंधित विभाग की ओर से भी घटना को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।स्थानीय लोगों ने एनएचएआई और कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा मजदूरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।