news-details

'राम के नाम पर वोट भी, नोट भी': चंद्रशेखर

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सिर्फ चोरी का मामला नहीं, बल्कि "लूट और डकैती" है। उन्होंने कहा कि राम के नाम पर वोट लेने वाली सरकार अब लोगों की आस्था से खिलवाड़ कर रही है, जिसका जवाब जनता समय आने पर देगी। सोमवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान, जहां पूर्व मंत्री डॉ. मसूद अहमद ने आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, चंद्रशेखर ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए। उनका कहना था कि केवल एसआईटी गठित करने से सच्चाई सामने नहीं आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले एफआईआर दर्ज होनी चाहिए, उसके बाद निष्पक्ष जांच एजेंसी मामले की जांच करे ताकि "दूध का दूध और पानी का पानी" हो सके।उन्होंने कहा कि जनता के दबाव में कई तथ्य सामने आ रहे हैं और धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। उन्होंने सरकार पर मुख्य आरोपियों को बचाने का भी आरोप लगाया और कहा कि यह रवैया भविष्य में भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से भारी पड़ सकता है।राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि आजाद समाज पार्टी का संगठन गांव-गांव तक मजबूत हो चुका है और इस बार पार्टी प्रदेश की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, दलित, पिछड़े, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी।उन्होंने पूर्व मंत्री डॉ. मसूद अहमद और अन्य नेताओं के पार्टी में शामिल होने को बहुजन आंदोलन के लिए महत्वपूर्ण बताया। चंद्रशेखर ने कहा कि उनकी पार्टी विचारधारा आधारित राजनीति करती है और सामाजिक न्याय, समान भागीदारी तथा संविधान के मूल्यों को लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में पार्टी का जनाधार और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।