
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र के महोली गांव में गुरुवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले। इस दौरान अवैध हथियारों से फायरिंग भी की गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना में आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है।जानकारी के अनुसार महोली गांव निवासी पार्षद प्रतिनिधि राजवीर सिंह और गांव के ही चंद्रपाल के बीच करीब छह महीने पहले विवाद हुआ था। उस समय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। बुधवार को दोनों पक्षों के बीच फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद तनाव बढ़ गया।बताया जा रहा है कि गुरुवार को अधिक मास की परिक्रमा के दौरान चंद्रपाल पक्ष ने परिक्रमार्थियों के लिए प्याऊ लगाया था। इसी दौरान राजवीर पक्ष भी वहां केला और अन्य सामग्री वितरण करने पहुंच गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया और मामला मारपीट व फायरिंग तक पहुंच गया।करीब आधे घंटे तक गांव में ईंट-पत्थर और फायरिंग का दौर चलता रहा। घटना से ग्रामीणों और परिक्रमार्थियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही एसएसपी श्लोक कुमार और एसपी सिटी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक खुलेआम तमंचों से फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।