
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी/संग्रामपुर।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पूरे जवाहिर सिंह मजरे संग्रामपुर गांव में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। राधेश्याम सिंह और ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ चंदन सिंह के घर से करीब 15 से 20 लाख रुपये के आभूषण चोरी होने की तहरीर पुलिस को दी गई है।सुबह चंदन सिंह के बड़े भाई का बेटा कार्तिक सिंह शौचालय जाने के लिए उठा तो उसकी नजर घर में बिखरे सामान पर पड़ी। उसने परिजनों, ग्राम प्रधान और चचेरे भाई इन्द्रभान सिंह रिंकू को जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। पीआरवी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। हल्का दरोगा विनोद तिवारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।तहरीर के अनुसार, चोरों ने पहले राधेश्याम सिंह के घर का ताला तोड़ा और वहां से सब्बल लेकर कपड़े की मदद से चंदन सिंह के घर का ताला तोड़ा। चोर अंगूठी, पायल, बिछुआ समेत अन्य आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के समय दोनों घरों में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।