news-details

किसान दिवस में समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर।
बुधवार को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें प्रगतिशील किसानों छोटे लाल यादव, सत्य नारायण तिवारी, गांधी सिंह, राम प्रकाश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, ओम प्रकाश सिंह, हृदयराम वर्मा और राम भारत गौड़ समेत अन्य किसानों ने सहभागिता की। बैठक में किसानों की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं तथा विभिन्न कृषि एवं किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही समाधान की जानकारी संबंधित किसान को भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने उप कृषि निदेशक और जिला कृषि अधिकारी को किसानों के साथ बैठक कर आंवला, मत्स्य पालन और डेयरी क्षेत्र की संभावनाएं चिन्हित करने तथा कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। कृषि विज्ञान केंद्र ने समसामयिक कृषि गतिविधियों की जानकारी दी। पशुपालन विभाग ने पशु बीमा व योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में बिजली, सिंचाई, कृषि, उद्यान, मत्स्य और बैंकिंग विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।