news-details

आजाद समाज पार्टी ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार कोरी ने बुधवार को जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गोंडा और अयोध्या की घटनाओं समेत सामाजिक, शैक्षिक और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए गए। पार्टी ने गोंडा में विनोद साहनी और रमेश कोरी तथा अयोध्या में राम लगन मौर्य की मौत के मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। पार्टी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने का भी अनुरोध किया। हाल में आजाद समाज पार्टी ने इन मामलों और सांसद चंद्रशेखर आजाद को गोंडा जाते समय रोके जाने के मुद्दे को लेकर विभिन्न जिलों में ज्ञापन दिए हैं।ज्ञापन में लखनऊ के ईको गार्डन में पंचायत सहायकों के धरने और उनकी मांगों पर कार्रवाई की मांग भी शामिल रही। इसके अलावा 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 में ओबीसी अभ्यर्थियों को पांच प्रतिशत अर्हता छूट देने संबंधी राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति लागू कराने की मांग की गई। आयोग ने 150 में 60 अंक को उत्तीर्ण मानने की संस्तुति की थी।

 

68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण का मुद्दा
पार्टी ने 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 में आरक्षण से जुड़े मामले में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति लागू कराने की मांग की। आयोग ने जून 2026 में अपनी पूर्व संस्तुति को बरकरार रखते हुए ओबीसी अभ्यर्थियों को अर्हता अंकों में पांच प्रतिशत छूट देने और 150 में 60 अंक प्राप्त करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को उत्तीर्ण मानने की बात कही थी। आयोग ने परिणाम संशोधित करने की भी संस्तुति की थी।ज्ञापन में सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद और मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद समेत अन्य धार्मिक स्थलों से संबंधित कार्रवाई का भी जिक्र किया गया। पार्टी ने इन मामलों पर आपत्ति दर्ज कराते हुए राष्ट्रपति से संबंधित मामलों का संज्ञान लेने और आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया। ज्ञापन में कहा गया कि संबंधित मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र कोरी, अरुण कुमार शास्त्री, अरुण अम्बेडकर, इस्तियाक, आशीष कुमार आदि मौजूद रहे।