
Pardarshi Vikas News Mathura
बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और खराब मौसम से फसलों को हुए भारी नुकसान को लेकर कांग्रेस किसानों के समर्थन में उतर आई है। पार्टी नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि गेहूं, आलू और अन्य तैयार फसलें बर्बाद होने से किसान आर्थिक संकट में पहुंच गए हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा कराया गया फसल सर्वे निष्पक्ष नहीं है और कई प्रभावित किसानों को सूची से बाहर रखा गया है। पार्टी ने उच्च अधिकारियों की निगरानी में दोबारा विशेष सर्वे कराने की मांग की है।
कांग्रेस ने मांग की कि जिन किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है, उन्हें प्रति एकड़ एक लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। साथ ही किसानों के कृषि ऋण और बिजली बिल माफ किए जाएं तथा सरकारी वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए।
पार्टी नेताओं ने फसल बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए जांच कराने की मांग की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष चौधरी भगत सिंह वर्मा ने कहा कि किसानों को वास्तविक राहत देने के बजाय नाम मात्र का मुआवजा दिया जा रहा है, जो उनके नुकसान की तुलना में बेहद कम है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों को जल्द उचित मुआवजा नहीं मिला तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। पार्टी ने सरकार से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर तत्काल समाधान करने की मांग की है।