
PARDARSHI VIKASH NEWS बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र के रामपुर टांडा गांव में 17 वर्षीय छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंटरमीडिएट की टीसी लेने घर से निकली छात्रा देर शाम तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शक के आधार पर गांव के युवक जोगेंद्र को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर गांव के बाहर मक्के के खेत से छात्रा का शव बरामद किया गया।मृतका की पहचान दोदराम की 17 वर्षीय पुत्री शिवानी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शिवानी शनिवार सुबह नागरझूना स्थित कॉलेज से इंटरमीडिएट की टीसी लेने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद परिजनों ने जोगेंद्र पर शक जताते हुए उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।पुलिस पूछताछ में जोगेंद्र ने छात्रा की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मक्के के खेत से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों का आरोप है कि जोगेंद्र लंबे समय से शिवानी का पीछा करता था और फोन कर उसे परेशान करता था। वह उस पर बातचीत करने का दबाव भी बनाता था। इस संबंध में कई बार आरोपी के पिता हरपाल से शिकायत की गई थी, लेकिन उन्होंने बेटे को रोकने के बजाय मामले को नजरअंदाज कर दिया।परिजनों के मुताबिक, आरोपी ने शिवानी की गला दबाकर हत्या की और शव को अपने मक्के के खेत में छिपा दिया। शिवानी अपने तीन भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटी थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और गांव में भी तनाव व्याप्त है।पुलिस ने आरोपी जोगेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, परिजनों ने आरोपी के पिता हरपाल की भी हत्या में संलिप्तता का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि हरपाल की भूमिका की भी जांच की जा रही है और साक्ष्य मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।