
शिक्षक पर महिला रसोइयों से अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी करने, धमकी देने का आरोप
अमेठी।जिले के विकासखंड शाहगढ़ के प्राथमिक विद्यालय पंडरी में तैनात सहायक अध्यापक वैष्णवी नंदन शुक्ल को बेसिक शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने शिकायतों की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक के खिलाफ यह कार्रवाई की।शिक्षक पर महिला रसोइयों से अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी करने, धमकी देने, विद्यालय में शिक्षण कार्य में लापरवाही, छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार, शिक्षकों को ब्लैकमेल करने और विभागीय अभिलेखों के दुरुपयोग समेत सात गंभीर आरोप लगाए गए हैं।जानकारी के अनुसार विद्यालय में कार्यरत महिला रसोइयों ने शपथपत्र देकर शिक्षक के खिलाफ शिकायत की थी। आरोप है कि वह उनके साथ अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां करते थे और धमकी देते थे।इसके अलावा विद्यालय के प्रधानाध्यापक, ग्रामीणों और उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की अमेठी शाखा की ओर से भी शिक्षक के खिलाफ गंभीर कदाचार, अनैतिक व्यवहार, शिक्षण कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता की शिकायत की गई थी।शिकायतों की प्रारंभिक जांच के लिए 11 सितंबर 2026 को खंड शिक्षा अधिकारी मुसाफिरखाना को जांच अधिकारी बनाया गया था। जांच अधिकारी ने बीएसए को सौंपी रिपोर्ट में शिकायतों में लगाए गए आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाया। रिपोर्ट में कहा गया कि शिक्षक का आचरण शिक्षक पद की गरिमा और शासकीय सेवक के आचरण के प्रतिकूल है।जांच में शिक्षक पर आरोप है कि वह विद्यालय समय में शिक्षण कार्य करने के बजाय शेयर बाजार में कारोबार करते थे और बिना अनुमति के अनुपस्थित रहते थे। छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार के साथ शिक्षकों को सतर्कता जांच और आय से अधिक संपत्ति का भय दिखाकर कथित रूप से ब्लैकमेल करने और रंगदारी मांगने के आरोप भी लगाए गए हैं।इसके अलावा विभागीय अभिलेखों का दुरुपयोग कर भ्रामक खबरें प्रकाशित कराने और सेवानिवृत्त शिक्षकों से वसूली करने का भी आरोप है।प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली, 1956 और बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी सेवा नियमावली, 1973 के तहत शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उनके खिलाफअनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। निलंबन अवधि में उन्हें विकासखंड संग्रामपुर के कंपोजिट विद्यालय चंडेरिया से संबद्ध किया गया है।