
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिला कार्यालय, नवीन मार्केट में बुधवार को भाजपा पिछड़ा मोर्चा के तत्वावधान में ‘सबसे ऊंचा सरदार’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की। संगोष्ठी में सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।संगोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए समर्पित रहा। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के चलते देशी रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक सफलता मिली। उन्होंने देश को एक सूत्र में पिरोने और अखंड भारत के निर्माण को मजबूत आधार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।भाजपा जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा ने संगोष्ठी की प्रस्तावना रखते हुए सरदार पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने में उनके योगदान को याद करते हुए कार्यकर्ताओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन सभी को राष्ट्रवाद के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनका त्याग, समर्पण और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता सदैव देशवासियों का मार्गदर्शन करती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना सभी का दायित्व है।कार्यक्रम के अंत में भाजपा पिछड़ा मोर्चा कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने अतिथियों और उपस्थित कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी में भाजपा जिला महामंत्री अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा, शिवांग मिश्रा, सुरेंद्र गुप्ता, जीतू कश्यप, अनामिका पाल, मनोज शर्मा प्रधान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।