
अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए बी, सी और डी रैंकिंग वाले विभागों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी। उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाएं निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा जनशिकायतों का शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता न करने, विलंबित परियोजनाओं में श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर तेजी लाने और पूर्ण परियोजनाओं को संबंधित विभागों को शीघ्र हस्तांतरित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही, अनियमितता और अपेक्षित सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीडीओ पूजा साहू, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।