
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा। आगरा में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां एक महिला ने कथित रूप से अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया और उस पर नया फर्श बनवा दिया। पुलिस के अनुसार, करीब 45 दिन तक महिला ने परिवार और पुलिस को गुमराह किया तथा पति की तलाश में पुलिस के साथ शामिल होकर रोने का नाटक भी करती रही। मामला तब खुला जब महिला के जेठ को उसके व्यवहार पर संदेह हुआ। भरोसा दिलाने पर महिला ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बाथरूम का फर्श तुड़वाया, जहां से शव की जगह केवल कंकाल बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीकर अक्सर मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर उसने कथित रूप से खीर में 18 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर पति को खिला दीं, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को बाथरूम में दफन कर दिया और कुछ दिन बाद मजदूर बुलाकर वहां नया फर्श बनवा दिया। घटना के बाद उसने सास और बच्चों को रिश्तेदारों के साथ राजस्थान भेज दिया और पति के घर छोड़कर चले जाने की कहानी गढ़ दी। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कंकाल का फोरेंसिक परीक्षण कराया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।