news-details

पीलीभीत में 1.75 लाख का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में कारोबारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी और 1.75 लाख रुपये के इनामी बदमाश शिवम उर्फ सर्वजीत को पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर बिलसंडा थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव के पास घेराबंदी की गई। सरेंडर करने की चेतावनी के बावजूद शिवम ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की दो गोलियां उसके सीने में लगीं। घायल शिवम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में एसओजी के एक दरोगा और एक सिपाही घायल हुए, जबकि एक गोली थानाध्यक्ष की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। शिवम पर दो हत्याओं समेत 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह 28 मई को कारोबारी पप्पू गुप्ता की हत्या के मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार, कारोबारी को डराने के लिए सुपारी दी गई थी, लेकिन बीच-बचाव करने पहुंचे पप्पू गुप्ता की गोली लगने से मौत हो गई थी। पुलिस ने मौके से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, एक देशी तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, मृतक कारोबारी के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई की सराहना करते हुए बाकी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।