
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम तिरगवां में संचालित एक मुर्गी फार्म को हटवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। ग्राम प्रधान अयाज खां के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक को शिकायती पत्र सौंपा। इससे पहले शनिवार को मलिहाबाद समाधान दिवस में भी ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर शिकायत की थी।ग्रामीणों का आरोप है कि मुर्गी फार्म से निकलने वाली दुर्गंध और भारी संख्या में फैल रही मक्खियों के कारण गांव का माहौल खराब हो गया है। लोगों का कहना है कि मक्खियों के कारण घरों में रहना, खाना-पीना तक मुश्किल हो गया है। कई बच्चे और बुजुर्ग बीमार हो रहे हैं और उनका इलाज चल रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि फार्म के करीब 200 मीटर की दूरी पर एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय भी स्थित है, जहां पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर भी खतरा बना हुआ है। मक्खियों से बचाव के लिए लोग दिन में भी मच्छरदानी लगाने को मजबूर हैं। बदबू इतनी अधिक है कि राहगीरों को मुंह पर कपड़ा बांधकर गुजरना पड़ता है।ग्रामीणों का यह भी कहना है कि फार्म के आसपास के बागों में गंदगी फैल रही है, जिससे पेड़ों पर लगे फल भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर मुर्गी फार्म को हटवाने की मांग की है।रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सीएमओ, मलिहाबाद एसडीएम और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।