news-details

यमुना पुल डायवर्जन पर इमरजेंसी सेवाओं की मांग

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ हमीरपुर
यमुना पुल पर प्रस्तावित यातायात डायवर्जन को लेकर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी युगांक मिश्रा एडवोकेट ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आम जनता, विशेष रूप से गंभीर मरीजों और आपातकालीन सेवाओं की सुविधा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि यमुना पुल पर निर्माण कार्य के चलते 26, 27 और 28 जून की रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक यातायात बंद रखने का निर्णय लिया गया है। विकास कार्य जनहित में आवश्यक हैं, लेकिन इसके साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।युगांक मिश्रा ने कहा कि पूर्व में पुल बंद रहने के दौरान गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था। हमीरपुर जिले से बड़ी संख्या में मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए कानपुर रेफर किया जाता है। ऐसे में मार्ग बंद होने की स्थिति मरीजों के लिए गंभीर समस्या बन सकती है। ज्ञापन में मांग की गई कि एंबुलेंस, गंभीर मरीजों को ले जाने वाले निजी वाहन तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को विशेष अनुमति और प्राथमिकता दी जाए। साथ ही पुल के दोनों ओर नोडल अधिकारियों की तैनाती की जाए। वैकल्पिक मार्गों और हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आम नागरिकों को समय रहते जानकारी उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।