
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। विभूतिखंड थाना क्षेत्र में एक युवक ने कुछ लोगों पर कार घेरकर पथराव करने और जबरन साथ ले जाने की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।बाराबंकी के पीरबटावन निवासी राजा धनपत राय के अनुसार, सोमवार को वह लोहिया अस्पताल से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि देहाती मीट रेस्टोरेंट के पास पहले से मौजूद शांतनु सिंह उर्फ झम्मन और अमन सिंह अपने कुछ साथियों के साथ स्कॉर्पियो और थार वाहनों से उनका पीछा करने लगे।पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उनकी कार को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद कार का गेट खोलकर उन्हें जबरन बाहर निकालने और अपने साथ ले जाने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर गोली मारने और शव गायब करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।राजा धनपत राय ने बताया कि आरोपी अवैध असलहों से लैस थे। किसी तरह वह कार की रफ्तार बढ़ाकर वहां से निकल सके। उन्होंने घटना का वीडियो और अन्य साक्ष्य पुलिस को देने की बात कही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।