news-details

युवा भारत को सुपरपावर बनाएंगे:राजनाथ सिंह

You can share this post!

 

BBAU दीक्षांत समारोह: 8,551 छात्रों को मिली उपाधि

पारदर्शी  विकास न्यूज़  लखनऊ। बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (BBAU) में शनिवार को 11वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।दीक्षांत समारोह में वर्ष 2023 से 2026 तक के कुल 8,551 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें स्नातक, परास्नातक और पीएचडी के विद्यार्थी शामिल रहे। समारोह के दौरान 22 मेधावी विद्यार्थियों को मंच से सम्मानित किया गया। कुल 508 विद्यार्थियों को विभिन्न पदक दिए गए, जिनमें बेटियों की संख्या अधिक रही।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय भारत में रॉकेट साइकिल और बैलगाड़ी से ले जाए जाते थे, लेकिन आज भारत अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर चुका है और मंगल तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि देश भविष्य में अंतरिक्ष स्टेशन और मानव अंतरिक्ष मिशन की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ के पीछे ‘बिलीव इन इंडिया’ की भावना है। आज भारत केवल दूसरे देशों के बनाए नियमों का पालन करने वाला देश नहीं है, बल्कि वैश्विक स्तर पर नियम बनाने की क्षमता भी विकसित कर रहा है। उन्होंने युवाओं से कहा कि आज मिलने वाली डिग्री जीवन की मंजिल नहीं, बल्कि नई संभावनाओं की शुरुआत है।राजनाथ सिंह ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों और भेदभाव के बावजूद शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाया। उन्होंने युवाओं से न्याय, समानता और स्वतंत्रता के मूल्यों को जीवन में अपनाने की अपील की।उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए आत्मविश्वास जरूरी है। उन्होंने युवाओं से कहा कि चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करना चाहिए।समारोह में एमए इतिहास की छात्रा प्रभा चंद्रा को चार पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जबकि कई अन्य मेधावियों को भी गोल्ड मेडल प्रदान किए गए। पूरे समारोह में विद्यार्थियों और उनके परिवारों में उत्साह देखने को मिला।

 

फ्रेगरेंस पार्क का उद्घाटन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को राजधानी में घंटाघर के सामने विकसित फ्रेगरेंस पार्क का उद्घाटन किया। करीब 2.3 एकड़ क्षेत्र में फैले इस पार्क में 50 से अधिक प्रकार के सुगंधित पौधे लगाए गए हैं। पार्क को आम लोगों के लिए 1 सितंबर से खोल दिया जाएगा। इस दौरान 43.13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली वरुण विहार और नैमिषनगर समेत अन्य विकासपरियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा लाजपत नगर क्षेत्र में विकसित किए गए इस पार्क में देशी और विदेशी प्रजातियों के सुगंधित फूलों व पौधों को लगाया गया है। पौधों के चयन और पार्क की रूपरेखा तैयार करने में एनबीआरआई के विशेषज्ञों ने सहयोग किया।उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल और विधायक नीरज बोरा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। रक्षा मंत्री ने पार्क परिसर में चंदन का पौधा भी लगाया।कार्यक्रम के दौरान राजनाथ सिंह ने विभाजन विभीषिका से प्रभावित रहे कुछ वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया। पूर्व विधायक विद्या सागर गुप्ता और पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया को भी सम्मानित किया गया। सिख समाज के प्रतिनिधियों ने रक्षा मंत्री को सम्मान स्वरूप तलवार भेंट की।