
पुतला फूंकने को लेकर पुलिस से नोकझोंक
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिला मुख्यालय गौरीगंज में गुरुवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष शुभम सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से तहसील की ओर पुतला फूंकने के लिए निकले। जामो तिराहे के पास पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, जिसको लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमा खत्म करने और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड दौरे के बाद कथित शुद्धिकरण को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए पुतला फूंकने पर जोर दिया। पुलिस लगातार उन्हें रोकने का प्रयास करती रही।प्रदर्शन को देखते हुए गौरीगंज और मुंशीगंज थाने की पुलिस तैनात रही। स्थिति को देखते हुए जामो थाने से भी अतिरिक्त फोर्स बुला ली गई। सीओ मनोज मिश्र ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। काफी देर तक गौरीगंज-जामो मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। बाद में कार्यकर्ता तहसील परिसर में बैठ गए।भेंटुआ ब्लॉक प्रमुख आकर्ष शुक्ल ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। वहीं पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया गया।