
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी के हेड कांस्टेबल रवि सरोज ने सतर्कता और ईमानदारी का परिचय देते हुए एक यात्री का खोया हुआ बैग बरामद कर उसे सकुशल वापस लौटा दिया। बैग में एचपी कंपनी का लैपटॉप, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य कीमती सामान रखा था। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि नियमित गश्त के दौरान हेड कांस्टेबल रवि सरोज को स्टेशन परिसर में एक लावारिस बैग मिला। बैग की जांच करने पर उसमें मिले दस्तावेजों के आधार पर उसके मालिक की पहचान प्रयागराज निवासी अनूप कुमार पांडेय के रूप में हुई।जीआरपी ने तत्काल उनसे संपर्क कर थाने बुलाया। पहचान और सामान का मिलान करने के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर बैग उसके मालिक को सौंप दिया गया।अपना सामान वापस मिलने पर अनूप कुमार पांडेय ने जीआरपी टीम का आभार जताया और पुलिस की तत्परता व ईमानदारी की सराहना की। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की रक्षा के लिए स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।