news-details

यूरिया के लिए भोर से लगी कतारें

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो विशुनपुरा, कुशीनगर। धान की फसल की तैयारी के बीच यूरिया की बढ़ती मांग ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। विशुनपुरा ब्लॉक के खेसिया पीसीएफ कृषक सेवा केंद्र पर सोमवार को यूरिया खाद लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर होते ही आसपास के गांवों से किसान केंद्र पहुंचने लगे और देखते ही देखते लंबी कतार लग गई।भीषण गर्मी और उमस के बीच किसान घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे। केंद्र से करीब 800 मीटर दूर तक सड़क किनारे किसानों की कतारें दिखाई दीं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए केंद्र प्रशासन ने टोकन व्यवस्था लागू की और किसानों को क्रमवार टोकन वितरित कर बारी-बारी से यूरिया खाद उपलब्ध कराई गई।किसानों का कहना है कि धान की नर्सरी तैयार करने और खेतों में फसल की बुवाई की तैयारी के लिए इस समय यूरिया की अत्यंत आवश्यकता है। ऐसे में खाद की सीमित उपलब्धता के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।दिनभर केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अधिक भीड़ के कारण कई बार किसानों के बीच आगे-पीछे होने को लेकर नोकझोंक भी हुई। कुछ किसानों ने आरोप लगाया कि मांग के अनुरूप यूरिया की आपूर्ति नहीं होने से किसानों में बेचैनी और नाराजगी बढ़ रही है।किसानों ने प्रशासन से पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था को और सुचारु बनाने की मांग की है, ताकि खेती के महत्वपूर्ण समय में उन्हें खाद के लिए घंटों इंतजार न करना पड़े।