news-details

यूपी मेट्रो में 15 जून से शुरू होगी NCMC सेवा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) 15 जून से नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) सेवा शुरू करने जा रहा है। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद यात्रियों को अलग-अलग शहरों की मेट्रो के लिए अलग कार्ड रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक ही कार्ड से देश के कई शहरों की मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का उपयोग किया जा सकेगा।UPMRC के अनुसार, मौजूदा स्मार्ट कार्ड की जगह अब एनसीएमसी कार्ड जारी किए जाएंगे। पुराने कार्डधारक भी अपना कार्ड बदलकर नया NCMC कार्ड प्राप्त कर सकेंगे। इस कार्ड की मदद से यात्री लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो के साथ-साथ दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु जैसी प्रमुख मेट्रो सेवाओं में भी यात्रा कर सकेंगे, जहां यह सुविधा उपलब्ध है। अधिकारियों ने बताया कि NCMC कार्ड केवल मेट्रो यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका उपयोग बसों, पार्किंग शुल्क, टोल टैक्स और रिटेल खरीदारी में भी किया जा सकेगा। यह कार्ड बैंक द्वारा जारी किए जाने के आधार पर प्रीपेड, डेबिट या क्रेडिट कार्ड के रूप में भी कार्य करेगा।इसमें NFC आधारित कॉन्टैक्टलेस तकनीक दी गई है, जिससे यात्री केवल टैप करके भुगतान कर सकेंगे। साथ ही ऑफलाइन ट्रांजिट वॉलेट की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे इंटरनेट न होने पर भी प्रवेश और निकास पर किराया स्वतः कट जाएगा।मेट्रो प्रशासन के अनुसार, 15 जून से पहले NCMC कार्ड नामित काउंटरों और साझेदार बैंकों के माध्यम से यात्रियों को उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल से यात्रा और भुगतान प्रणाली अधिक सरल, तेज और एकीकृत होने की उम्मीद है।