
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को अगले महीने से महंगी बिजली का झटका लगने वाला है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने जून से 10 प्रतिशत फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज (FPPAS) लागू करने का आदेश जारी किया है। इसके लागू होने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल में सीधी बढ़ोतरी होगी। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी उपभोक्ता का बिल 100 रुपये आता है तो उसे अब 110 रुपये का भुगतान करना होगा।बिजली विभाग के अनुसार, बिजली उत्पादन और खरीद की लागत बढ़ने के कारण यह अतिरिक्त शुल्क लगाया गया है। विभाग का कहना है कि ईंधन और बिजली खरीद पर आने वाले अतिरिक्त खर्च की भरपाई के लिए फ्यूल सरचार्ज आवश्यक है।वहीं, इस फैसले का विरोध शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने बिजली दरों में बढ़ोतरी पर नाराजगी जताते हुए आदेश पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा का कहना है कि प्रदेश की जनता पहले से ही भीषण गर्मी, बिजली संकट और महंगाई से जूझ रही है। ऐसे में अतिरिक्त सरचार्ज का बोझ उपभोक्ताओं पर भारी पड़ेगा।परिषद ने यह भी मांग की है कि महंगी बिजली खरीद के मामलों की जांच कराई जाए और फ्यूल सरचार्ज लागू करने से पहले पूरे प्रकरण की समीक्षा की जाए। उपभोक्ता संगठनों ने सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की अपील की है।