
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान, तेज बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है। पिछले 24 घंटे में प्रदेशभर में करीब 100 लोगों की मौत हो गई, जबकि हजारों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। प्रयागराज में सबसे ज्यादा 21 लोगों की जान गई, जबकि भदोही में 17 और मिर्जापुर में 15 मौतें दर्ज की गईं। फतेहपुर, बदायूं, प्रतापगढ़, बरेली, देवरिया, रायबरेली, संभल और चंदौली समेत कई जिलों में पेड़ गिरने, दीवार ढहने, बिजली गिरने और टिन शेड उड़ने से हादसे हुए। कई जगह सड़कें बंद हो गईं और यातायात प्रभावित रहा।बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया। बरेली में 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी में एक 50 वर्षीय व्यक्ति टिन शेड के साथ करीब 50 फीट हवा में उड़ गया और 100 मीटर दूर खेत में जाकर गिरा। हादसे में उसका हाथ टूट गया। गोंडा में स्कॉर्पियो पर नीम का पेड़ गिर गया, जबकि उन्नाव और बिजनौर में दीवार गिरने और पेड़ उखड़ने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। भदोही में गंगा पर बना पीपा पुल तेज तूफान में बीच से टूट गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।देवरिया में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और 600 गांवों की बिजली गुल हो गई। कई जिलों में बिजली के पोल टूट गए, जिससे रातभर अंधेरा छाया रहा। रायबरेली में खेत में काम कर रहे किसान पर पेड़ गिर गया, जबकि एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मिर्जापुर में एक 11 वर्षीय बच्चे की पेड़ गिरने से जान चली गई। सहारनपुर में ओलावृष्टि और बारिश से सब्जियों की फसलें खराब हो गईं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को गाजियाबाद, वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज, मथुरा और उन्नाव समेत करीब 30 जिलों में बारिश दर्ज की गई। कई जगह बड़े-बड़े ओले भी गिरे। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली, लेकिन विभाग ने 51 जिलों में फिर आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।लखनऊ के मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ने लगा है, जिसके चलते अगले कुछ दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा। 16 मई से बुंदेलखंड और दक्षिणी यूपी के जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में दिन के साथ रात में भी गर्मी बढ़ेगी और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम15 मई को पूरे प्रदेश में तेज धूप निकलेगी और आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 16 मई को गर्मी और बढ़ेगी तथा कुछ इलाकों में लू चल सकती है। 17 मई को मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और आंधी-बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। 18 मई को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में तेज गर्मी और लू का असर रहेगा। 19 मई को पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं और ज्यादातर जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जनहानि और फसल नुकसान का सर्वे कराकर पीड़ितों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए। अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आज से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगेगा। इससे प्रदेश में मौसम साफ होने लगेगा। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। दिन के साथ रात में गर्मी पड़ेगी। 16 मई से बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में लू चलने और तपिश बढ़ने की भी संभावना है।-मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह