
नयी दिल्ली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सोमवार को गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। बांदा 47.6°C के साथ दुनिया का सबसे गर्म शहर रहा। यहां 30 अप्रैल 2022 और 25 अप्रैल 2026 को 47.4°C तापमान रहा था।
सोमवार को राजस्थान के जैसलमेर में 46.4°C तापमान दर्ज हुआ। मध्य प्रदेश के खजुराहो में पारा 46°C पहुंच गया, जो पिछले 10 साल में सबसे ज्यादा है। जैसलमेर-खजुराहो के अलावा देश के 4 शहरों में पारा 46°C या इससे ज्यादा रहा। इनमें बाड़मेर 46°C, वर्धा 46.5°C, अमरावती 46.6°C और अकोला 46.3°C शामिल हैं। बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में हीट स्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इधर दिल्ली में लोगों को गर्मी से निजात देने के लिए बसों में ठंडा पानी रखा जाएगा। बस स्टॉप पर मुफ्त ठंडा पानी और ओआरएस मिलेगा। 29 अप्रैल को मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और महाराष्ट्र में हीटवेव का अलर्ट। असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश; उत्तराखंड में ओलावृष्टि, बिजली और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाले तूफान की आशंका। 30 अप्रैल को ओडिशा के कुछ इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम; छत्तीसगढ़ और झारखंड में आंधी, ओलावृष्टि की आशंका। मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली में बिजली और आंधी की संभावना। बिहार, राजस्थान, यूपी, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ गरज-चमक संभव। बांदा का 47.6°C तापमान अप्रैल महीने के इतिहास में दर्ज देश का सबसे ज्यादा तापमान है। इस साल अप्रैल में अब तक करीब 45 बार देश के अलग-अलग वेदर स्टेशनों पर तापमान 45°C से ऊपर दर्ज हुआ। यह 2022 के बाद सबसे ज्यादा है। उस साल 56 बार ऐसा हुआ था। मतलब ये कि इस बार अप्रैल का महीना पिछले 4 साल में सबसे गर्म रहा है। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इसका असर खत्म होते ही मई के पहले हफ्ते से पारा फिर चढ़ेगा, जिससे लू का प्रकोप बढ़ेगा। मई में राजस्थान और यूपी के कुछ इलाकों में पारा 48-50°C के करीब पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 28 अप्रैल को देश के 13 राज्यों में बारिश-तूफान का अनुमान है। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और असम शामिल हैं। इस दौरान 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मौसम बदल रहा है। पिछले 24 घंटों में कई जगह आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में मंगलवार को 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले सोमवार को दोपहर बाद हनुमानगढ़,श्रीगंगानगर, बीकानेर सहित कई शहरों आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे। मौसम विभाग ने मंगलवार को बिहार के 36 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। 14 जिलों के लिए ऑरेंज, जबकि 24 के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में 30 अप्रैल तक आंधी-बारिश की स्थिति बन सकती है। इस दौरान 50 KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। सोमवार को अररिया, समस्तीपुर, नालंदा के बिहार शरीफ समेत कई इलाकों में सोमवार को तेज आंधी चली। अररिया में कई घरों पर पेड़ गिर गया। घर की दीवार गिरने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।