
PARDARSHI VIKASH NEWS संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा रविवार 24 मई को आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, लखनऊ, आगरा, गोरखपुर, कानपुर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर और बरेली समेत 9 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए। देशभर में कुल 83 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई, जिनमें कानपुर, मेरठ और भुवनेश्वर नए केंद्र के रूप में शामिल किए गए हैं।इस बार परीक्षा में पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया गया। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले फेस स्कैनिंग प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक हुई।प्रयागराज में परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि इस बार प्रश्नपत्र में करंट अफेयर्स और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं से जुड़े सवाल अधिक पूछे गए। कई प्रश्न लंबे और विश्लेषणात्मक थे, जिससे समय प्रबंधन चुनौतीपूर्ण रहा। भारतीय राजव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय संबंधों से जुड़े प्रश्नों में भी नया पैटर्न देखने को मिला।मेरठ में 14 केंद्रों पर 5902 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि आगरा में 28 केंद्रों पर 11,786 अभ्यर्थी शामिल हुए। गोरखपुर में 25 केंद्रों पर 11 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया।