news-details

यूपी भाजपा की नई टीम घोषित

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने उत्तर प्रदेश में अपनी नई प्रदेश टीम का ऐलान कर दिया है। 64 पदाधिकारियों की सूची में 52 नेताओं को प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। टीम में 19 प्रदेश उपाध्यक्ष, 19 मंत्री, 8 महामंत्री और 6 मोर्चा अध्यक्ष बनाए गए हैं। इसके अलावा क्षेत्रीय स्तर पर भी नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।नई टीम में सपा से निष्कासित विधायक पूजा पाल को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह को भी प्रदेश टीम में शामिल करते हुए उपाध्यक्ष बनाया गया है। प्रतापगढ़ के रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।नई कार्यकारिणी में सामाजिक समीकरणों पर खास ध्यान दिया गया है। ओबीसी वर्ग की भागीदारी पिछली टीम के मुकाबले बढ़ाई गई है। पिछली टीम में ओबीसी वर्ग के 16 पदाधिकारी थे, जबकि इस बार संख्या बढ़कर 25 हो गई है। सामान्य वर्ग से 21 नेताओं को जगह मिली है। एससी वर्ग से 7 और एसटी वर्ग से 1 पदाधिकारी शामिल किए गए हैं।भाजपा की नई टीम में ज्यादातर नए चेहरों को मौका मिला है। 52 सदस्यों वाली कार्यकारिणी में केवल कुछ पुराने नेताओं को ही दोबारा जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश महामंत्री पद पर संजय राय को छोड़कर बाकी पदों पर नए चेहरे शामिल किए गए हैं।मथुरा के मांट विधायक राजेश चौधरी को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। वहीं पूर्व मंत्री सुरेश राणा को प्रदेश उपाध्यक्ष और पत्रकार यतेंद्र शर्मा को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। गृहमंत्री अमित शाह के पीए अंकुर शर्मा को भी प्रदेश मंत्री बनाया गया है।भाजपा ने छहों क्षेत्रीय अध्यक्षों में भी बदलाव किया है। पश्चिम क्षेत्र में नवाब सिंह नागर, ब्रज क्षेत्र में पूरनलाल लोधी, कानपुर क्षेत्र में राम किशोर साहू, अवध क्षेत्र में अवधेश कुमार द्विवेदी, काशी क्षेत्र में अशोक चौरसिया और गोरखपुर क्षेत्र में विनोद राय को जिम्मेदारी दी गई है।नई टीम की सबसे बड़ी परीक्षा 2027 विधानसभा चुनाव होंगे। संगठन विस्तार, प्रचार अभियान, चुनाव प्रबंधन और पार्टी की नीतियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी अब इसी टीम के पास होगी।