
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। समाजवादी व्यापार सभा कानपुर महानगर के अध्यक्ष नन्दलाल जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित शुल्क के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से डिजिटल भुगतान को शुल्क-मुक्त बनाए रखने की मांग की और चेतावनी दी कि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। नन्दलाल जायसवाल ने कहा कि यूपीआई छोटे दुकानदारों, खुदरा व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक भुगतान माध्यम बन चुका है। इस पर शुल्क लगाने से व्यापारियों की लागत बढ़ेगी और मुनाफे पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कानपुर जैसे व्यापारिक शहर में हजारों दुकानदार डिजिटल भुगतान पर निर्भर हैं। अतिरिक्त शुल्क से ग्राहक नकदी की ओर लौट सकते हैं, जो डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य के विपरीत होगा।प्रदर्शन में शामिल व्यापारियों ने बैनर और प्लेकार्ड लेकर नारेबाजी की। उन्होंने सरकार और संबंधित अधिकारियों से यूपीआई लेनदेन पर शुल्क नहीं लगाने की मांग की। व्यापार सभा ने इस मुद्दे को प्रशासन और उच्च स्तर तक पहुंचाने की बात कही। प्रदर्शन में हाजी फजल महमूद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेन्द्र यादव, सगीर अहमद, सुधांशु मिश्रा, दीपा यादव, महेंद्र सिंह, शिवकुमार वाल्मीकि, राजेश कश्यप, ओमप्रकाश गुप्ता, कीर्ति अग्निहोत्री, बृजलाल यादव, संदीप कुमार शर्मा, ऋषि राज अग्रवाल, शाकिब कुरैशी, नीरज गुप्ता, तुषार श्रीवास्तव, सचिन सिंह, संजय सिंह गौड़, शैलेश कुमार जिद्दी, संजय जायसवाल और अजय जायसवाल सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।