
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को कानपुर में बड़े स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सुबह 6 बजे ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा। इसमें कैबिनेट मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग सामूहिक योगाभ्यास करेंगे।योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सरसैया घाट पर बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग दिवस को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ रखी गई है।ग्रीन पार्क में पेयजल, पार्किंग, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके अलावा शहर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, पंचायत भवनों, अमृत सरोवरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और नगर निगम के पार्कों में भी योग कार्यक्रम होंगे।बिठूर के नानाराव पार्क और भीतरगांव स्थित प्राचीन मंदिर परिसर समेत कई स्थानों पर भी सामूहिक योग कराया जाएगा। विभिन्न सामाजिक और योग संस्थाएं भी कार्यक्रम में भाग लेंगी।आयुष विभाग के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक लोगों को योगाभ्यास कराएंगे और नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। प्रशासन ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्यक्रम संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का आधार है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए सभी विभाग बेहतर समन्वय से कार्य करें। कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पेयजल, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।" : डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह