news-details

योग दिवस को जनआंदोलन बनाने की तैयारी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान 15 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले योग सप्ताह के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं।बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि योग सप्ताह के अंतर्गत होने वाले सभी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों को समय से स्पष्ट आदेश जारी किए जाएं, ताकि प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैंजिलाधिकारी ने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य जनपदीय कार्यक्रम महात्मा बुद्ध स्थली पर आयोजित होगा, जिसमें जनपद के प्रभारी मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कार्यक्रम की गरिमा और व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।उन्होंने आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग को मुख्य आयोजन से पूर्व एक और समन्वय बैठक आयोजित कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करने तथा सामाजिक, शैक्षणिक, स्वयंसेवी एवं अन्य संस्थाओं को समय से आमंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों से अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप तैयारी पूरी करने और समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि योग दिवस का आयोजन जनआंदोलन का स्वरूप ले सके।बैठक में योग सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। जानकारी दी गई कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज एवं अन्य विभागों के सहयोग से जनजागरूकता अभियान, योग अभ्यास सत्र, संगोष्ठियां तथा विभिन्न जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।बैठक में परियोजना निदेशक पीयूष, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने योग दिवस को सफल, व्यवस्थित एवं व्यापक जनसहभागिता वाला आयोजन बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आश्वासन दिया।