news-details

योग सप्ताह का शुभारम्भ आज से

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद कुशीनगर में आज, 14 जून 2026 से योग सप्ताह का शुभारम्भ जिला क्रीड़ालय, रविन्द्रनगर से किया जा रहा है। यह योग सप्ताह 21 जून तक चलेगा, जिसके अंतर्गत जनपद के विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य संवर्धन से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जगदीश यादव ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से योग सप्ताह के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया, जिससे स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक कदम बढ़ाया जा सके।उन्होंने बताया कि बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन पूर्व वर्षों की भाँति 21 जून 2026 को बुद्ध महापरिनिर्वाण स्थली (बुद्ध टेम्पल), कुशीनगर में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सम्मिलित होकर योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।