news-details

योग की ऊर्जा से सराबोर हुआ कुशीनगर

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जनपद कुशीनगर में योग सप्ताह का शुभारंभ उत्साह और जनसहभागिता के साथ हुआ। जिला क्रीड़ास्थल रविन्द्रनगर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सुबह से ही लोगों का उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्र, युवा, महिलाएं और आमजन एकत्रित हुए और सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ  दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्री राजेश्वर सिंह एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जगदीश यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद योग प्रशिक्षकों अनुज झिंझारिया, अभय रंजन मिश्र, आशीष कुमार एवं अदिति सिंह ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में लगभग 500 प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक संतुलन का भी प्रभावी साधन है। वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की दिशा में एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है।योग सप्ताह के अंतर्गत जनपद की सभी तहसीलों, विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी करते हुए योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जगदीश यादव ने बताया कि 15 जून से 20 जून तक प्रतिदिन जिला क्रीड़ास्थल रविन्द्रनगर में योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके उपरांत 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुद्ध महापरिनिर्वाण स्थली (बुद्धा टेम्पल), कुशीनगर में मुख्य योग कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।कार्यक्रम में आयुष विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इस अवसर पर डॉ. धर्मेन्द्र कुमार, डॉ. सन्तराम मौर्य, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक आयुष विशाल प्रताप सिंह, अविनाश कुमार शर्मा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।