
पारदर्शी विकास न्यूज़ महोबा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में योग सप्ताह एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 15 से 20 जून तक जनपद के ऐतिहासिक स्थलों पर योग सप्ताह मनाया जाए, जबकि 21 जून को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में बड़े स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम "योगा फॉर हेल्दी ऐजिंग" को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। जानकारी के अनुसार योग सप्ताह का शुभारंभ 15 जून को कीरत सागर तट स्थित आल्हा मंच से होगा। कार्यक्रमों में शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों तथा सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नरेन्द्र बहादुर सिंह ने योग सप्ताह और योग दिवस की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर पंकज, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, योग प्रशिक्षक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।