
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। मेरा युवा भारत (MY Bharat) वाराणसी की डिस्ट्रिक्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठक शुक्रवार को सनबीम स्कूल, वरुणा के विमर्श सभागार में हुई। अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) विनय कुमार सिंह ने की। बैठक में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 के उद्देश्यों, चरणों और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।उप निदेशक माय भारत वाराणसी विकास सिंह ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से VBYLD 2027 की चयन प्रक्रिया, विकसित भारत क्विज और विभिन्न ट्रैक्स की जानकारी दी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राहुल ने माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण, रेफरल कोड बनाने और युवाओं को अभियान से जोड़ने की प्रक्रिया समझाई।बैठक में विकसित भारत क्विज 2027 में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता पर जोर दिया गया। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इसमें भाग ले सकते हैं। क्विज की अवधि 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। इसमें 20 प्रश्न होंगे और प्रतिभागियों को 10 मिनट का समय मिलेगा।अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह ने संस्थान प्रमुखों और प्रतिनिधियों से पात्र विद्यार्थियों तक VBYLD की जानकारी पहुंचाने तथा अधिकाधिक युवाओं को क्विज में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। बैठक में विकसित भारत चैलेंज, कल्चरल ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज और यूथ पार्लियामेंट जैसे ट्रैक्स की जानकारी भी दी गई।