
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिले के वरिष्ठ बसपा नेता शशिकांत तिवारी ने गौरीगंज थाना क्षेत्र में खुद पर कथित जानलेवा हमला और वाहन में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शशिकांत तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार शाम जामो मोड़ के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों ने उन पर हमला किया और उनके वाहन में तोड़फोड़ की। उन्होंने इस घटना के पीछे गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह का हाथ होने की आशंका जताई है।बसपा नेता के अनुसार, हाल में विधायक की एक टिप्पणी को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी थी। इसी को लेकर उन्होंने हमले की आशंका जताई। हालांकि, विधायक राकेश प्रताप सिंह ने आरोपों पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही।गौरीगंज थाना प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।