
वृक्ष जीवन के आधार, स्वच्छ प्राण वायु और पर्यावरण संतुलन को पौधरोपण जरूरी:राकेश प्रताप सिंह
वर्षा काल में अमेठी में 5366100पेड लगवाएगा वन विभाग
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। वन महोत्सव कार्यक्रम जिले में प्रारंभ हो गया है। गुरुवार को गौरीगंज, तिलोई और सिंहपुर विकास खंडों में तीन बड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।तीन सौ से अधिक पौधे रोपित किए गए और एक हजार से अधिक विभिन्न प्रजातियों के पौधे छात्र छात्राओं और ग्रामीणों को वितरित किए गये। वर्षाकाल 2026में वन विभाग की ओर से 5366100पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।जागृति इंटर कालेज कुकहारामपुर में वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र छात्राओं को वनों के महत्व,प्रभाव, पर्यावरण की चुनौतियों और पर्यावरण संरक्षण के बारे में जानकारी दी गई।उप प्रभागीय वन अधिकारी अनुराग तिवारी ने कहा कि शहरी करण ने पर्यावरण के समक्ष नये संकट पैदा किए हैं। कंक्रीट के जंगल लगातार बढ़ रहे हैं और हरियाली घट रही है। वृक्षों की अंधाधुंध कटान से प्रकृति के स्वरूप को गहरी चोट पहुंच रही है। धरती का जल भंडार भी कम हुआ है। पेड़ हमें स्वच्छ प्राण वायु देने के साथ कई समस्याओं को कम करने में मदद गार है। पौधरोपण को जन अभियान बनाने के लिए सरकार ने एक पेड़ मां के नाम थीम पर हर व्यक्ति को पौध लगाने और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने का संदेश दिया है।कार्यक्रम में तिलोई के क्षेत्रीय वन अधिकारी अभय कुमार मल्ल, कालेज के प्रबंधक शीतला प्रसाद पाण्डेय, प्रधानाचार्य मनोज कुमार पाण्डेय आदि मौजूद रहे।तिलोई रेंज के अन्तर्गत दादूपुर ग्राम समाज में भी वन महोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्लाक प्रमुख अंकित पासी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और ग्राम प्रधान राम किशोर के साथ पौधरोपण किया। गांव के लोगों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे भी वितरित किए गये। जनपद में 01 से 07 जुलाई तक आयोजित किए जा रहे वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को कंपोजिट विद्यालय तुलसीपुर में पौधरोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक राकेश प्रताप सिंह द्वारा आम के पौधे का रोपण कर किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा भावी पीढ़ी को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान "आम बहार आपके द्वार" अभियान के अंतर्गत विद्यालय के छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों एवं उपस्थित नागरिकों को पौध भंडारा योजना के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पौधरोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से वन महोत्सव सप्ताह के दौरान पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रदेश भर में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि वन महोत्सव सप्ताह के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तथा आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पौध वितरण भी किया जा रहा है। नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने घर, विद्यालय, कार्यालय, खेत एवं सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करें। कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन अधिकारी गौरीगंज, खंड शिक्षा अधिकारी गौरीगंज, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, ग्राम प्रधान, विद्यालय परिवार तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित अमेठी के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से पौधरोपण और पौध संरक्षण का संकल्प लिया।

विधायक राकेश प्रताप सिंह ने की वन महोत्सव की शुरुआत
अमेठी। जनपद में 01 से 07 जुलाई तक चल रहे वन महोत्सव सप्ताह के तहत कंपोजिट विद्यालय तुलसीपुर में पौधरोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक राकेश प्रताप सिंह ने आम का पौधा लगाकर किया।इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने का संदेश दिया गया। “आम बहार आपके द्वार” अभियान के तहत छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए।प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र ने बताया कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से लगाए गए पौधों के संरक्षण की अपील की। कार्यक्रम में वन विभाग व शिक्षा विभाग के अधिकारी सहित ग्रामीण मौजूद रहे।