
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में रविवार को पुलिस कार्यालय सभागार में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारी बंधुओं के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी अपराध राकेश प्रताप सिंह ने की।बैठक में बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था एवं यातायात संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। व्यापारियों से संवाद करते हुए बाजारों में बढ़ती भीड़ और दुकानदारों द्वारा सड़कों पर सामान रखने से उत्पन्न यातायात बाधाओं के समाधान पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने आपसी समन्वय के माध्यम से शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की अपील की।गोष्ठी के दौरान व्यापारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपने प्रतिष्ठानों, दुकानों एवं संस्थानों में हाई क्वालिटी HD नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कैमरों की दिशा एंट्री प्वाइंट और आने-जाने वाले मार्गों की ओर होनी चाहिए तथा समय-समय पर उनकी जांच भी आवश्यक है। इससे अपराध की रोकथाम और घटनाओं के शीघ्र खुलासे में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।