news-details

व्यापार बंधु और उद्योग बंधु की बैठक में डीएम सख्त

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में व्यापार बंधु और उद्योग बंधु की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए।व्यापार बंधु की बैठक में विकास नगर मार्केट में सार्वजनिक शौचालय की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस पर अपर नगर आयुक्त ने बताया कि क्षेत्र में पिंक टॉयलेट का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और स्लैब डाले जाने का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, शास्त्री नगर स्थित गल्ला मंडी मार्केट में भी महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।बैठक में गोविंद नगर स्थित बीएम मार्केट से जूही नहरिया होते हुए हमीरपुर रोड तक 80 फीट चौड़ी सड़क पर हुए अतिक्रमण का मामला भी उठाया गया। जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम सिटी, पुलिस और नगर निगम अधिकारियों को 4 जून को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सख्ती दिखाई। जल निगम (शहरी) के अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर डीएम ने उनके मई माह के वेतन पर रोक लगाने का आदेश दिया।उद्यमियों ने दादानगर से विजय नगर तक की जर्जर सड़क की समस्या उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने 20 दिनों के भीतर सड़क को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। एलएमएल तिराहा स्थित अंडरपास के दोनों ओर ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण का मुद्दा भी बैठक में उठा, जिस पर एनएचएआई को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।बैठक में यूनिकेम इंडिया के ऊपर से गुजर रही निष्प्रयोज्य विद्युत पारेषण लाइन, पनकी इंडस्ट्रियल एस्टेट में अतिक्रमण और स्टांप ड्यूटी छूट से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। डीएम ने सभी विभागों को व्यापार और उद्योग से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।