
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गुजैनी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतका की पहचान रुचि तिवारी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि वर्ष 2015 में शादी के बाद से ही पति अरुण तिवारी उर्फ सानू शराब के नशे में उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। परिवार का दावा है कि पूर्व में भी उसके साथ मारपीट की घटनाएं हुई थीं।मायके पक्ष का आरोप है कि शनिवार रात रुचि की हत्या कर दी गई और आरोपी पति अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि महिला को अचेत अवस्था में अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं से जांच की जा रही है।