
यूपी में पश्चिम बंगाल की चुनावी व्यूह रचना को लागू करने की तैयारी
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ/अमेठी।
2027के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में जीत को रिपीट करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शक्ति केंद्रों को मजबूत करने की रणनीति बनाई है। शक्ति केंद्रों के माध्यम से भाजपा बूथ कमेटियों को चुनाव की दृष्टि से और क्रियाशील करेगी।बूथ कमेटियों में सामान्य जाति से अधिक एस सी और ओबीसी के लोगों को मेम्बर बनाने की कार्ययोजना तैयार की गई है प्रदेश के सभी जिलों में इस कार्ययोजना को मूर्त रूप प्रदान करने के लिए जिलावार अलग अलग प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे।इन प्रशिक्षण शिविरों में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ ब्लाक प्रमुख,विधायक ,सांसद और मंत्री प्रशिक्षु के रूप में शामिल होंगे।अमेठी में 26 मई से दो दिवसीय प्रशिक्षण पर्व का आयोजन प्रस्तावित है।इस प्रशिक्षण शिविर में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के भी उपस्थित रहने की सम्भावना है।पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बरकरार रखने के लिए उन्हें एक भी दिन खाली नहीं छोड़ना चाहती। प्रतिदिन संगठन की ओर से कोई न कोई कार्यक्रम निर्धारित किया गया है सूत्रों का कहना है कि पश्चिम बंगाल की रणनीति को यूपी में लागू करने के लिए भाजपा ने बूथ कमेटियों को फिर से मजबूत करने की रणनीति बनाई है। बूथ कमेटियों में उन वर्गों के लोगों को अधिक स्थान देने की कोशिश है जिन्हें सपा पीडीए और बसपा सर्वसमाज की विचारधारा का अंग मानती है। इस काम को शुरू करने के लिए शक्ति केंद्रों को पहले मजबूत किया जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों को ट्रेनिंग देने के लिए हर जिले में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। भाजपा के संगठन महामंत्री और थिंक टैंक के रूप में प्रदेश में काम कर रहे पदाधिकारी इस प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं का मार्ग दर्शन करेंगे। पार्टी के ब्लाक प्रमुखों, विधायकों और मंत्रियों को फिर से याद दिलाया जाएगा, संगठन महत्वपूर्ण है, व्यक्ति नहीं, स्वयं को विधायक बनाने के लिए जनता के बीच जितनी कोशिश कर रहे हैं, उससे अधिक कोशिश पार्टी के लिए करें, यदि शीर्ष नेतृत्व को ऐसा नजर नहीं आया तो भविष्य में दावेदारी और दुबारा टिकट मिलना कठिन हो सकता है। दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व में प्रशिक्षण पुस्तिका पहले से जारी की है।दो दिनों में कुल सात सत्र आयोजित किए जाएंगे।सत्रों में परिवर्तन की कोई छूट नहीं है। प्रदेश के विषय जोड़े जा सकते हैं।
इनसेट
हाइवे पर सरस्वती इन प्रतिष्ठान में होगा अमेठी का प्रशिक्षण वर्ग
भाजपा का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग मुसाफिरखाना में नेशनल हाईवे पर स्थित सरस्वती इन में होगा। 26मई और 27मई को होने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में जिले के सभी पदाधिकारी, मोर्चों के अध्यक्ष/महामंत्री, सभी मंडल अध्यक्ष और पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षु के रूप में बुलाया गया है। प्रशिक्षण में दो सौ से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस प्रशिक्षण में भाजपा काशी क्षेत्र के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ल और जिला महामंत्री विषुव मिश्र के साथ सभी पदाधिकारी प्रशिक्षण शिविर की तैयारी में लगे हुए हैं। प्रशिक्षुओं को पार्टी का साहित्य दिया जाएगा।भोजन और विश्राम की सारी व्यवस्थाएं संगठन कर रहा है। जनप्रतिनिधियों और टिकट मांग रहे नेताओं से सहयोग भी मांगा गया है।
दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के विषय -एक नजर
- 1-वैचारिक अधिष्ठान
- 2-पार्टी का इतिहास और विकास
- 3-कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि
- 4-हमारी कार्यपद्धति
- 5-नव निर्माण के नौ वर्ष, डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों पर संवाद
- 6-सोशल मीडिया,एआई, नमो ऐप और सरल एप
- 7-बूथ प्रबंधन
- 8-अनौपचारिक कार्यक्रम
- 9-सरल ऐप पर रिपोर्टिंग