
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। रामकोला थाना क्षेत्र के टेकुआटार (मांडेराय) स्थित विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार को बिजली कनेक्शन को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान हुई मारपीट और तोड़फोड़ में विद्युत विभाग के दो कर्मचारी घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। इस हिंसा में जूनियर इंजीनियर (जेई) रविंद्र कुमार के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि सब स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) अमर नाथ कुशवाहा भी घायल हो गए।सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रामकोला पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अमर नाथ कुशवाहा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।अवर अभियंता (विद्युत) अश्वनी सिंह ने बताया कि फिलहाल घायलों का इलाज जारी है। उपचार के बाद मामले में संबंधित पक्षों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।