
Pardarshi Vikas News Mathura
वृंदावन में यमुना नदी में हुए नाव हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है, जबकि 4 लोग अब भी लापता हैं। अब तक 22 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाया जा चुका है। दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, जिसमें आर्मी, NDRF, SDRF, PAC और करीब 250 कर्मी जुटे हैं। लापता लोगों की तलाश 14 किलोमीटर के दायरे में की जा रही है।
शनिवार को देवरहा बाबा घाट के पास एक और शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान मानिक टंडन के रूप में हुई। बेटे का शव देखकर पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अधिकारियों के अनुसार, यमुना का तेज बहाव और नदी में गाद-रेत होने के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है। आशंका है कि शव बहकर दूर चले गए हों या नीचे दब गए हों।
हादसा शुक्रवार दोपहर केसी घाट पर हुआ, जब 37 श्रद्धालुओं से भरी नाव तेज हवा के कारण पांटून पुल से टकराकर पलट गई। नाव में लाइफ जैकेट नहीं थीं। एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने नाविक को हिरासत में लेकर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।