
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के वृंदावन में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जैंत थाना पुलिस ने विदेशी ड्रग्स की सप्लाई करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने जम्मू की रहने वाली रिया नामक युवती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सुनरख गांव से वृंदावन जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में चैतन्य विहार निवासी बलराम और सदर बाजार निवासी आदिश भी शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से थाईलैंड में प्रचलित ओजी (ओसियन ग्रीन टी एचसी) नामक ड्रग्स बरामद हुई, जिसका वजन करीब 60 ग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। बरामदगी के बाद तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पूछताछ में आरोपी युवती ने बताया कि वह पहले नोएडा क्षेत्र में ड्रग्स तस्करी करती थी, लेकिन पुलिस की सख्ती के बाद उसने अपना नेटवर्क मथुरा, आगरा और ग्वालियर तक बढ़ा लिया था। पुलिस के मुताबिक यह नशा युवाओं में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है क्योंकि इसके सेवन के बाद सामान्य तौर पर गंध नहीं आती।इसके अलावा जैंत पुलिस ने अलग कार्रवाई में दो अन्य तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। उनके पास से 5 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। आरोपी स्कूटी से गांजा लेकर वृंदावन में सप्लाई करने जा रहे थे। गिरफ्तार युवकों की पहचान राधा गोविंद और कुलदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया है।