
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के इनायत नगर थाना क्षेत्र के परसपुर सथरा गांव में एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।मृतक की पहचान गांव निवासी रामलाल कोरी के रूप में हुई है। वह दिल्ली में नौकरी करते थे और करीब दो वर्ष पहले सेवानिवृत्त होकर गांव लौट आए थे। ग्रामीणों के अनुसार रामलाल लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बुधवार देर शाम उनकी अचानक मौत हो गई, जिसके बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।ग्रामीणों ने बताया कि रामलाल ने चार शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी का निधन करीब दो वर्ष पहले हो गया था। वर्तमान में उनकी चौथी पत्नी रविता, जो मूल रूप से बिहार की रहने वाली बताई जा रही हैं, उनके साथ रह रही थीं। परिवार में अक्सर विवाद होने की बात भी सामने आई है।कुछ ग्रामीणों ने मौत को संदिग्ध मानते हुए पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष रतन शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।क्षेत्राधिकारी पियूष पाल ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।