news-details

वादा नहीं, समाधान चाहिए: दिव्यांगजनों का फूटा गुस्सा

You can share this post!


विधायक कार्यालय का किया घेराव

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। दिव्यांगजनों की समस्याओं को लेकर रविवार को राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गोविंदनगर क्षेत्र स्थित भाजपा विधायक सुरेन्द्र मैथानी के कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान दिव्यांगजनों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी की और प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाया। हालांकि विधायक के शहर से बाहर होने के कारण उनकी मौजूदगी में वार्ता नहीं हो सकी, लेकिन बाद में फोन पर बातचीत के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत मिलने वाले अधिकारों और सुविधाओं का पूर्ण रूप से पालन नहीं कराया जा रहा है, जिससे दिव्यांगजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि कई बार ज्ञापन देने और अधिकारियों से मुलाकात करने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिलते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिव्यांगजनों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता की कमी दिखाई दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन व्यापक स्तर पर आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर “नींद हराम करो आंदोलन” चलाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में दिव्यांगजन विधायक कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे कई बार अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। विधायक की अनुपस्थिति पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।इस बीच विधायक सुरेन्द्र मैथानी ने प्रदर्शनकारियों से फोन पर बातचीत की। विधायक ने बताया कि वह कानपुर से बाहर हैं, लेकिन जैसे ही उन्हें प्रदर्शन की जानकारी मिली, उन्होंने प्रतिनिधियों से संपर्क कर उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक ने भरोसा दिलाया कि कानपुर लौटने के बाद संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो मामला प्रमुख सचिव और मुख्यमंत्री स्तर तक पहुंचाया जाएगा।विधायक के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। संगठन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान होगा, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


"दिव्यांगजन वर्षों से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं। दिव्यांग अधिकार अधिनियम का पालन नहीं हो रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन छेड़ेगी और दिव्यांगजनों की आवाज बुलंद करेगी।"-राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार


"मैं शहर से बाहर था, लेकिन जानकारी मिलते ही दिव्यांगजनों से फोन पर बात की। उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है। कानपुर लौटते ही संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर मामला शासन, प्रमुख सचिव और मुख्यमंत्री स्तर तक भी उठाया जाएगा।"-विधायक सुरेन्द्र मैथानी