
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। विश्वविद्यालय के एलएलबी प्रथम वर्ष के छात्रों ने सोमवार को कैंपस में प्रशासनिक भवन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के बाहर सेमेस्टर परीक्षा परिणाम में कथित खामियों को लेकर नारेबाजी की और नाराजगी जताई।छात्रों का आरोप है कि उन्हें अपेक्षित अंकों की तुलना में काफी कम नंबर दिए गए हैं। उनका कहना है कि उत्तर पुस्तिकाओं का सही ढंग से मूल्यांकन नहीं किया गया है और विश्वविद्यालय का ऑनलाइन पोर्टल भी बार-बार बदलते रिजल्ट दिखा रहा है, जिससे छात्रों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।प्रदर्शनकारी छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक से इस मामले पर सीधे स्पष्टीकरण देने और गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की। मौके पर पहुंचे प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया और कुलपति के नाम ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।छात्रों ने ज्ञापन में बताया कि वे पिछले 25 दिनों से लगातार विश्वविद्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं मिला है। इससे पहले 20 मई को हुए प्रदर्शन में प्रशासन ने चार दिनों में समाधान का आश्वासन दिया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ।छात्रों ने मांग की कि जिन विद्यार्थियों को अपने रिजल्ट पर संदेह है, उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की पारदर्शी री-चेकिंग कराई जाए और त्रुटि मिलने पर अंक संशोधित किए जाएं।साथ ही छात्रों ने NEP के तहत द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म भरने का एक और अवसर देने की मांग की, ताकि किसी का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।