
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों के निष्कासन और फीस वृद्धि के विरोध में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को सातवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा धरना स्थल पर पहुंचे और छात्रों की मांगों का समर्थन किया।धरना स्थल पर पहुंचे विधायक ने छात्रों से बातचीत की और वहीं से विश्वविद्यालय के कुलपति को फोन कर मामले के समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए।धरने के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दे उठाने पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि दूसरी ओर फीस में भारी वृद्धि कर छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।आंदोलन कर रहे छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक निष्कासन की कार्रवाई वापस नहीं ली जाती और फीस वृद्धि सहित अन्य मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। छात्रों का कहना है कि वे अपने अधिकारों और छात्र हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहे हैं।सूत्रों के अनुसार, आंदोलन को समर्थन देने के लिए कांग्रेस विधायक विरेंद्र चौधरी के भी धरना स्थल पर पहुंचने की संभावना है। इससे पहले समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद भी छात्रों के समर्थन में कुलपति से बातचीत कर निष्कासन वापस लेने की अपील कर चुके हैं।फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई नई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जबकि परिसर में आंदोलन को लेकर राजनीतिक और छात्र संगठनों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है।